ऑफिस में आजकल ज़ेव फेस्ट चल रहा है, इसी फेस्ट में एक स्टॉल लगा था टैरो कार्ड रीडर का । ज़ोर शोर से हम सभी को कई दिनों पहले ही इसकी सूचना दे दी गयी थी कि ऑफिस में एक टैरो कार्ड रीडर आ रहा है। स्टॉल के आगे काफी भीड़ जुटी हुई थी। जो भी व्यक्ति अपना भविष्य जानकर बाहर आ रहा था, वो बड़ा ही खुश और चकित नज़र आ रहा था। हमने भी कुछ लोगो से पूछा कि भाई क्या बता रहीं है टैरो कार्ड रीडर। सब का एक ही जवाब था, बहुत खूब और क्या सटीक भूत और भविष्य बता रही है। तुम सबको जाना चाहिए। लाइफ टाइम एक्सपीरियंस है।
सबकी बाते सुन हमारा भी मन करने लगा अपना भविष्य जानने के लिए, साथ मे प्रियंका और रितिका का भी मन करने लगा, अपना भी भविष्य जानने का, हम तीनों कार्ड रीडर के स्टॉल पर पहुचे और अपना नाम भी रजिस्टर करा दिया।
हम वही खड़े, अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे थे। जो भी अपना भविष्य जानकर बाहर आता। उसका चेहरा कुछ खास चमक लिए रहता। हमारी जिग्ज्ञासा बढ़ती ही जा रही थी और अंदर से धुक धुक भी कर रहा था कि हम क्या क्या पूछेंगे।
हम तीनों ने वर्चुअल लिस्ट बनाई की हम क्या क्या पूछ सकते है, की जब भी हम उस टैरो कार्ड रीडर के पास जाए, तो सारे जरूरी सवाल छूट न जाये। फिलहाल हम तैयार थे अंदर जाने के लिए।
जैसे जैसे हमसे पहले नंबर वाले लोग निकल रहे थे और अपना एक्सपीरियंस शेयर कर रहे थे, हमारी धुक धुक बढ़ती जा रही थी, काफी इंतज़ार के बाद मेरा नंबर आया। मैं जैसे ही अंदर जाने को तैयार हुआ, कि कोई और अंदर चला गया। खैर मेरा नंबर आ ही गया। दोस्तो से आल द बेस्ट ले हम अंदर गए।
अंदर का नज़ारा ही कुछ अलग सा था, कमरा लाल रौशनी से जगमगा रहा था, और मध्यम गति से संगीत बज रहा था। सामने देखता हूँ एक महिला जादूगरनी की वेशभूषा में सामने बैठी हुई थी। उनके सामने काले कपड़े के ऊपर कुछ टैरो कार्ड्स रखे हुए थे और बगल में चमकता हुआ ग्लोब जैसा कुछ रखा हुआ था, जिसमे से सफेद रौशनी निकल रही थी।
टैरो कार्ड रीडर ने उनके सामने रखी कुर्सी पर हमसे बैठने का आग्रह किया, नज़ारा इतना विस्मय था, लग रहा था कि हम किसी दूसरे लोक में आ गए हो। हम उनके सामने बैठे, हम उस वातावरण में सहज महसूस करते, उससे पहले मोहतरमा ने मुझसे मेरा नाम पूछा।
टैरो कार्ड रीडर:आपका नाम क्या है?
मैं: राहुल, मेरा नाम राहुल है।
टैरो कार्ड रीडर: आप क्या जानना चाहते है अपने बारे में?
मैं: मैं अपनी समस्याओं का समाधान और अपने भविष्य जानना चाहूंगा एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में।
टैरो कार्ड रीडर: ठीक है, तो आप सामने रखे कार्ड्स में कोई एक कार्ड सेलेक्ट कर , मुझे दीजिए।
मैं: मैंने एक कार्ड सेलेक्ट कर उन्हें दे दिया।
कार्ड देख टैरो कार्ड रीडर थोड़ा मुस्कुराई, उन्हें मुस्कुराता देख मुझे लगा, शायद मेरा भविष्य उज्ज्वल है। फिर टैरो कार्ड रीडर ने अपना हाथ उस ग्लोब पर रख, अपनी आंखें बंद की, उस ग्लोब की रौशनी उनके चेहरे पर ऐसे पड़ रही थी, जैसे हम अक्सर जादूगर वाली मूवीज़ में देखते है, शायद वो ध्यान मुद्रा में चली गयी थी।
एक पल ध्यान में रहने के बाद वो बोली, राहुल मैं तुम्हारे लिए कुछ देख पा रही हूँ। मेरे मन में सब जान लेने की इच्छा हुई, जो कुछ भी उन्होंने देखा था अपने ध्यान में, फिर उन्होंने बोला, आप मेरा हाथ पकड़िये , मैं कुछ और भी महसूस करना चाहती हूं, आपके बारे में, पर मुझे तो उनका हाथ ही दिखाई नही दे रहा था, जो मैं पकड़ लेता। मैंने पूछा आपके हाथ है कहाँ? जो मैं पकड़ लूं। फिर उन्होंने बोला, मेज़ के ऊपर जिसपर कार्ड रखे है उसके नीचे जगह है, आप वही अपना हाथ डालिये, मैने अपना हाथ डाला और वही एक सिरकते हुए हाथ ने मेरा हाथ थाम लिया।
फिर उन्होंने मुझे आँख बंद कर अपने विज़न के बारे में सोंचने के लिए बोला, मैंने आंखे बंद की और अपना विज़न तलाशने लगा, अपनी बंद आँखों से। कही विज़न तलाशते हुए मैं कभी लखनऊ में अपने घर पहुंचा, तो कभी यही नोएडा में ही रहा , एक बार तो मैं अमेरिका तक जा पहुँच गया।
साथ ही टैरो कार्ड रीडर ने मेरा हाथ कस कर पकड़ा हुआ था। मेरा ध्यान एक जगह केंद्रित होता उससे पहले मेरे कंधे पर ठप ठप सी महसूस हुई जैसे कोई मुझे गहरे ध्यान से जगाना चाह रहा हो।
मैंने आँख खोली, तो सामने वाली कुर्सी पर कोई था ही नही पर किसी ने मेरा हाथ अभी भी थाम रखा था, मेरा मन चकित था कि ये क्या है ? ये कैसा चमत्कार है? तब मेरे कानों में एक आवाज़ आई राहुल ... राहुल और जब मैंने अपने बाई तरफ देखा, तो वो टैरो कार्ड रीडर अपने हाथ में एक स्माइली लिए खड़ी थी और बोली... राहुल ये एक प्रैंक था। पहले तो मुझे समझ नही आया कि ये क्या हो रहा है... तभी एक बच्ची मेज़ के नीचे से निकली जिसने मेरा हाथ पकड़ रखा था।
प्रैंक समझने में मुझे ज़्यादा समय नही लगा। मैं मुस्कुराते हुए बाहर निकला और सोंचने लगा कि ये सच है, शायद आपको आपकी समस्याओ और विज़न के लिए खुद ही परिश्रम करना होता है इसमें कोई भी आपकी मदद नही कर सकता।